School Holiday: अब यहां हर शनिवार और सोमवार स्कूलों में रहेगी छुट्टी, डीएम ने जारी किया आदेश
School Holiday
School Holiday: एटा। सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए एटा, कासगंज और बरेली प्रशासन ने स्कूलों और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अहम फैसले किए हैं। एटा में 12वीं तक के कई स्कूलों ने शनिवार और सोमवार को अवकाश घोषित किया है। वहीं शुक्रवार रात से सोमवार शाम 6 बजे तक शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और रोडवेज बसों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा। एटा-कासगंज मार्ग को वन-वे रखा गया है। यही व्यवस्था सावन के अगले शुक्रवार से सोमवार तक भी लागू रहेगी।
कासगंज के जिलाधिकारी ने पूरे सावन माह में हर शनिवार और सोमवार को 12वीं तक के सभी बोर्डों के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। रविवार पहले से अवकाश रहेगा, इसलिए सप्ताह में केवल चार दिन ही कक्षाएं संचालित होंगी। हालांकि शिक्षक और प्रधानाचार्य स्कूल में उपस्थित रहेंगे। पूर्व निर्धारित बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
उधर, बरेली में सावन के प्रत्येक सोमवार को सभी बोर्डों के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर दायरे के शिक्षण संस्थानों पर भी यह आदेश लागू रहेगा। इसी बीच कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-रजवी को लेकर पुलिस अधिकारियों ने थानों में बैठक कर संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त, फ्लैग मार्च और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।