UP News : हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। अतरौली थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में एक किशोर और किशोरी की फंदे से लटकी लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की उम्र नाबालिग बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, किशोरी गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकली थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान किशोर के मोबाइल फोन पर लगाए गए स्टेटस से परिजनों को घटना की जानकारी मिली। स्टेटस में आत्महत्या का संकेत देते हुए लोगों से मौके पर आने की बात लिखी गई थी।

मोबाइल स्टेटस देखने के बाद परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां दोनों के शव मिले। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अतरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया और मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की।

प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडे के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसके वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags: