UP Crime : कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव में एक पति ने अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। आग बुझने के बाद घर के अंदर महिला का कंकाल मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुखबीर सिंह उर्फ मोनू अपनी पत्नी सोनम पर किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक करता था। दोनों ने करीब 11 साल पहले प्रेम विवाह किया था और उनके एक बेटा व एक बेटी हैं। आरोपी हरियाणा के हिसार में निजी नौकरी करता है और दिवाली की छुट्टियों में गांव आया था।

बताया जा रहा है कि गांव लौटने के बाद पत्नी को लेकर उसका विवाद शुरू हो गया। मोबाइल पर किसी से बातचीत को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद लगातार दो दिनों तक चलता रहा। इससे पहले भी पति-पत्नी के बीच का मामला पुलिस चौकी तक पहुंच चुका था।

आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे सुखबीर ने सोनम को कुर्सी से बांध दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घर से उठती आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को विवाद की वजह बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags: