UP Crime : एक ही रात में 5 सर्राफा दुकानों पर धावा, 10 लाख से ज्यादा के जेवर और नकदी चोरी

Update: 2026-08-04 09:31 GMT

UP Crime : रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक ही रात में पांच सर्राफा दुकानों को निशाना बना लिया। मिल एरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहे पर हुई इस वारदात में बदमाश लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने देर रात दुकानों के शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पहचान छिपाने और जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से वे दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो टूटे ताले, खुले शटर और बिखरा सामान देखकर घटना की जानकारी हुई।

घटना के बाद तकिया चौराहे पर व्यापारियों की भारी भीड़ जुट गई। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि एक साथ पांच दुकानों में चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। 

Tags:    

Similar News