Cyber Crime : फर्जी बैंक खातों से करोड़ों की साइबर ठगी का खेल, अंतरराज्यीय गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार
Cyber Crime : वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में साइबर क्राइम पुलिस ने देशभर में सक्रिय एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह गरीब और जरूरतमंद लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल करोड़ों रुपये की साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने में करता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक खाते खुलवाने के बाद संबंधित खाताधारकों से एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और इंटरनेट बैंकिंग की पूरी जानकारी अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम को इन खातों के जरिए अलग-अलग जगहों पर ट्रांसफर किया जाता था, ताकि पैसे के वास्तविक स्रोत तक पहुंचना मुश्किल हो जाए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल, 3 आईफोन, 43 एटीएम कार्ड, 12 पासबुक, 10 चेकबुक, 11 क्यूआर कोड, 12 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, एक डायरी, 12,060 नकद, एक महिंद्रा थार और एक हुंडई i20 कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श चौबे (मिर्जापुर), आशीष यादव (आजमगढ़), सुजल सिंह (मुजफ्फरनगर), पियूष सिंह (मऊ) और युवराज वर्मा (वाराणसी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अधिकांश आरोपी वाराणसी में किराये के मकानों में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और देश के विभिन्न राज्यों में होने वाली साइबर ठगी की रकम को फर्जी तरीके से संचालित बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर करता था। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक खातों और अब तक हुए कुल वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
वाराणसी साइबर क्राइम पुलिस ने इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस गिरोह से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी तथा कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।