लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महिलाओं और छात्राओं के लिए दो बड़े ऐलान किए। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी।

बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि सरकार की हर योजना के केंद्र में बेटियां हैं। बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर डर का माहौल था, लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था सिस्टम और तकनीक पर आधारित है।

60 साल से अधिक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे। सरकार के मुताबिक रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को इसका लाभ मिलने का अनुमान है।

रक्षाबंधन पर 3 दिन सहयात्री भी फ्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं अपने एक सहयात्री के साथ मुफ्त बस यात्रा कर सकेंगी। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को अकेले मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

अहिल्याबाई के नाम पर योजना

योगी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई साहस और स्वाभिमान की प्रतीक थीं। इसी वजह से योजना का नाम ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक यात्रा देने के लिए लगातार काम कर रही है।

Tags: