BIG Accident : रोजी-रोटी के लिए हरियाणा जा रहे मजदूरों की कार ट्रक से टकराई, 5 की मौत; 7 घायल
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के मजदूरों के लिए हरियाणा का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। रोजी-रोटी कमाने के लिए हरियाणा में बाजरे की कटाई करने जा रहे 12 मजदूरों की कार एक ट्रक से टकरा गई।
Pilibhit Road Accident: पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के मजदूरों के लिए हरियाणा का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। रोजी-रोटी कमाने के लिए हरियाणा में बाजरे की कटाई करने जा रहे 12 मजदूरों की कार एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार चालक समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही पीलीभीत के गांव में मातम छा गया। यह हादसा हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा इलाके में हुआ। घायलों को इलाज के लिए रोहतक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हरियाणा में मजदूरी करने जा रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, पीलीभीत के दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेपुरा कुसुमा गांव के 11 मजदूर हरियाणा के झज्जर में बाजरे की कटाई के लिए जा रहे थे। उनके साथ सुजनी गांव का रहने वाला कार चालक आरिफ भी मौजूद था। सभी मजदूर बुधवार रात ईको कार से हरियाणा के लिए रवाना हुए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और रोजगार की तलाश में निकले इन मजदूरों को नहीं पता था कि रास्ते में इतना बड़ा हादसा उनका इंतजार कर रहा है।
खरखौदा के पास हुआ भीषण हादसा
बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के करीब 4 बजे खरखौदा बस अड्डे के पास ईको कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक आरिफ समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामनरेश (35), अग्रवाल (30), सुशील कुमार (22), मेवाराम (40) और चालक आरिफ के रूप में हुई है।
7 मजदूर घायल, रोहतक अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में सात मजदूर घायल हुए हैं। घायलों में प्रमोद (18), संजीव (25), पातीराम (27), महेंद्र पाल (55), हरीशंकर (35), विवेक (20) और खुशाली राम (50) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल रोहतक के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन हरियाणा के लिए रवाना हो गए हैं।
गांव में पसरा मातम, प्रशासन ने लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही पीलीभीत प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति ने बढ़ेपुरा कुसुमा गांव पहुंचकर मृतकों के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। प्रशासन की ओर से हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
परिवारों के सपने टूटे, रोजी की तलाश में निकली थी जिंदगी
इस हादसे ने पांच परिवारों को गहरा सदमा दिया है। मजदूर अपने परिवारों का भरण-पोषण करने और बेहतर कमाई की उम्मीद लेकर हरियाणा जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुई दुर्घटना ने उनकी जिंदगी छीन ली।