UP Weather : पुरवइया ने रोकी पश्चिमी हवाओं की रफ्तार, 26 नवंबर से बढ़ेगी ठंड, कोहरे से ट्रेनें भी लेट

By :  Dev Verma
Update: 2025-11-23 11:00 GMT

UP Weather : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले पांच दिनों से लगातार चल रही पुरवइया (पूर्वी हवाएं) मौसम के मिजाज पर हावी हैं। इन हवाओं ने पश्चिमी विक्षोभ से आने वाली ठंडी हवाओं का रास्ता रोक दिया है, जिसके कारण प्रदेश में ठंड की बढ़ोतरी की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अब नया सर्दी का स्पेल 26 नवंबर से शुरू हो सकता है, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

UP Weather : कानपुर, मुरादाबाद और बुलंदशहर में अलग-अलग हालात

कानपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम है। आठ दिन पहले यहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन पुरवइया के कारण अब रातें कुछ गर्म बनी हुई हैं। वहीं, बलिया की रात सूबे में सबसे गर्म रही जहां न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके विपरीत, बुलंदशहर की रात सबसे ठंडी रही, जहां पारा 9.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मुरादाबाद का दिन यूपी में सबसे ठंडा रहा और यहां अधिकतम तापमान मात्र 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

UP Weather : बंगाल की खाड़ी में सिस्टम, UP पर नहीं पड़ेगा बड़ा असर

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण बनने से 24 नवंबर तक अवदाब की स्थिति बनी रहेगी। इसका उत्तर प्रदेश के मौसम पर बड़ा प्रभाव नहीं होगा, लेकिन नमी लगातार बढ़ी हुई रहेगी। शनिवार को अधिकतम नमी 95% और न्यूनतम 48% रिकॉर्ड की गई, जिससे सुबह और शाम में ठंड का अहसास अधिक हो रहा है।

UP Weather : कोहरे की दस्तक, ट्रेनें घंटों लेट

सर्दी की हल्की शुरुआत के साथ ही कोहरे ने भी रेल परिचालन पर असर डालना शुरू कर दिया है। कानपुर होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की रफ्तार कोहरे के कारण धीमी पड़ गई। शनिवार को दिल्ली–हावड़ा और मुंबई रूट सहित 17 ट्रेनें 6 से 15 घंटे तक की देरी से पहुंचीं। सबसे ज्यादा देरी 04098 नई दिल्ली–हसनपुर रोड स्पेशल में दर्ज की गई, जो 15 घंटे लेट आई। इसी तरह बरौनी–नई दिल्ली स्पेशल, अमृतसर–किशनगंज स्पेशल, रक्सौल–उधना स्पेशल और कई अन्य ट्रेनें भी घंटों देरी से पहुंचीं। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पूछताछ काउंटर पर दिनभर भीड़ लगी रही। 763 यात्रियों ने टिकट वापस कर दिए, जबकि 176 यात्रियों को अन्य ट्रेनों से भेजा गया।

UP Weather : 26 नवंबर के बाद बढ़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 25 नवंबर के बाद पुरवइया का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा और 26 नवंबर से पश्चिमी हवाएं फिर सक्रिय होंगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट आएगी और ठंड अपना असर दिखाना शुरू कर देगी।

Tags:    

Similar News