UP News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लखनऊ में ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्र का किया उद्घाटन, सीएम योगी बोले- बंधन और मोक्ष का कारण मन

By :  Dev Verma
Update: 2025-11-28 10:05 GMT

UP News : लखनऊ। राजधानी लखनऊ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्र का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को जीवन शिक्षक के रूप में प्रेरणादायी बताया और कहा कि उनका राष्ट्रपति भवन तक का सफर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

UP News : सीएम योगी ने इस मौके पर कहा कि भारत में ऋषि परंपरा रही है, और व्यक्ति के बंधन एवं मोक्ष का मुख्य कारण उसका मन है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में दुनिया में आतंकवाद, उपद्रव और अराजकता के पीछे मन की चंचल प्रवृत्तियां काम कर रही हैं। मन का एक पक्ष प्रेरणा और सकारात्मकता की ओर ले जाता है, जबकि दूसरा पक्ष नकारात्मकता की ओर। उन्होंने यह विश्वास जताया कि ब्रह्माकुमारी संगठन अपने वार्षिक थीम के माध्यम से पूरे वर्ष प्रदेश, देश और विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा।

UP News : सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज के वार्षिक थीम 2025-26 ‘विश्व एकता और विश्वास के लिए ध्यान (योग)’ का उद्घाटन हुआ। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य राजयोग के माध्यम से समाज में सकारात्मक भाव का निरंतर संचार कर रहे हैं।

UP News : मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी और राष्ट्रपति का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में नैतिक मूल्यों, एकता और विश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Tags:    

Similar News