UP News : जेवर एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश बनेगा ग्लोबल हब, सीएम योगी ने बताया पूरा प्लान

By :  Dev Verma
Update: 2026-03-28 10:16 GMT

UP News : नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के पहले चरण का उद्घाटन किए जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे ‘नए भारत’ की बदलती तस्वीर का सशक्त उदाहरण बताया। सीएम योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को वैश्विक कनेक्टिविटी और विकास की नई दिशा देगा तथा प्रदेश को निवेश का बड़ा केंद्र बनाएगा।

UP News : डबल इंजन सरकार की तेज कार्यशैली का प्रमाण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट की नींव नवंबर 2021 में रखी गई थी और मात्र साढ़े चार साल में इसका पहला चरण पूरा हो गया है। यह ‘डबल इंजन’ सरकार की तेज और परिणामोन्मुखी कार्यशैली को दर्शाता है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं को कागजों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर ठोस परिणाम दिए गए हैं।

UP News : यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा बड़ा नेटवर्क

सीएम योगी ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे के पास स्थित है। भविष्य में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल वे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस और दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल लाइन जैसे बड़े नेटवर्क से जुड़कर यह एयरपोर्ट प्रदेश को स्केल और स्पीड के साथ विकास की नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से लाखों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे।

UP News : सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर बनेगा

मुख्यमंत्री ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास सेमीकंडक्टर चिप बनाने की यूनिट की आधारशिला हाल ही में रखी गई है। साथ ही अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आने की संभावना है।

UP News : किसानों का आभार, विकास का नया अध्याय

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसानों का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने 13,000 एकड़ भूमि उपलब्ध कराकर इस मेगा प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर जो अपार पोटेंशियल था, उसे जेवर एयरपोर्ट और इससे जुड़ी आधुनिक सुविधाएं नई ऊंचाई तक ले जाएंगी।

UP News : स्मार्ट और सस्टेनेबल एयरपोर्ट

सीएम योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट सीमलेस, स्मार्ट और सस्टेनेबल सुविधाओं से लैस होगा। इसमें एविएशन फ्यूल फॉर्म, इन-फ्लाइट किचन फैसिलिटी, एमआरओ (Maintenance, Repair and Overhaul) सेंटर, आधुनिक डिजिटल सिस्टम और ऊर्जा संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 करोड़ प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास की धुरी बनेगा और यहां से युवाओं के सपने नई उड़ान भरेंगे। जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही उत्तर प्रदेश अब 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला राज्य बन गया है, जो देश के एविएशन सेक्टर में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।

Tags:    

Similar News