UP News : शादी में गए माता-पिता, घर में लगी आग से 22 महीने की बच्ची की जलकर मौत
| घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार सदमे में है।
By : Rohit Banchhor
UP News : मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। बड़कली गांव में मात्र 22 महीने की मासूम नायरा की आग में जलकर मौत हो गई। हादसे के समय बच्ची घर में अकेली थी, जबकि माता-पिता उसे सुलाकर पास में आयोजित एक शादी समारोह में चले गए थे।
जानकारी के मुताबिक, मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले रजनीश अपनी पत्नी रानी और दो बेटों के साथ शादी में शामिल होने गए थे। घर में जल रही मोमबत्ती अचानक गिर गई, जिससे पास रखा सामान आग की चपेट में आ गया। कुछ ही मिनटों में आग फैलती चली गई और वह बिस्तर भी जल उठा, जिस पर नायरा सो रही थी।
लपटें इतनी तेज थीं कि किसी को बच्ची तक पहुंचने का मौका ही नहीं मिला। मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार सदमे में है।