UP Crime : लखनऊ। राजधानी लखनऊ में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। ट्रेन की सफाई के दौरान मिले संदिग्ध बॉक्स को खोलते ही हर कोई सन्न रह गया। बॉक्स के अंदर महिला की सिर कटी लाश थी, जबकि उसके हाथ-पैर अलग-अलग बैगों में ठूंसे गए थे।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के छपरा से गोरखपुर होते हुए लखनऊ पहुंची ट्रेन संख्या 15114 जब गोमती नगर स्टेशन पर खड़ी थी, तभी सफाईकर्मी कोच की सफाई करने पहुंचे। इसी दौरान एस-1 कोच की सीट के नीचे जबरन फंसाया गया एक संदिग्ध बॉक्स दिखाई दिया। बॉक्स पर खून के निशान देखकर कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने तत्काल रेलवे प्रशासन को सूचना दी।

रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम ने जब बॉक्स खोलकर देखा तो अंदर महिला का धड़ मिला, जिसका सिर शरीर से अलग था। वहीं कटे हुए हाथ और पैर अलग बैग में कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए थे। इस खौफनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करीब दो दिन पहले की गई थी। पुलिस के अनुसार गला रेतकर हत्या करने के बाद शव के कई टुकड़े किए गए और पहचान छिपाने के उद्देश्य से ट्रेन में छोड़ दिया गया। महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

SP GRP रोहित मिश्रा ने बताया कि शव पर संघर्ष के निशान मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला ने हमलावरों का विरोध किया था। फिलहाल जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रेन के यात्रियों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Tags: