UP Crime : दिनदहाड़े सेना के जवान की गोली मारकर हत्या, लव मैरिज और पुरानी रंजिश को माना वजह

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

Update: 2026-02-06 14:09 GMT

UP Crime : हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में थाना सादाबाद क्षेत्र के एनएच-93 पर एक भयावह वारदात सामने आई है, जहां भारतीय सेना के जवान अखिलेश चौधरी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, 4-5 बाइकों पर सवार बदमाशों ने कोल्ड स्टोरेज के पास जवान की गाड़ी रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की। अखिलेश चौधरी ने भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक अखिलेश चौधरी आगरा के आर्मी बेस वर्कशॉप में तैनात थे और समदपुर, थाना सादाबाद के निवासी थे।

पुलिस के प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्याकांड पुरानी रंजिश और लव मैरिज के कारण हुआ। करीब 5-6 साल पहले अखिलेश ने निधि नाम की लड़की से शादी की थी, जिसके पक्ष के लोग इस विवाह के खिलाफ थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सहित उच्च पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसओजी और सर्विलांस सहित 5 टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की तैयारी है।

Tags:    

Similar News