UG-PG Data Upload: विश्वविद्यालयों को अपलोड करना होगा छात्रों का क्रेडिट डाटा, इस दिन बंद हो जाएगी विंडो

By :  Vpb
Update: 2026-06-09 12:41 GMT

UG-PG Data Upload: नई दिल्ली: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देश के सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों का शैक्षणिक रिकॉर्ड 30 जून तक अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) प्लेटफॉर्म पर अपलोड करें। यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत परीक्षा वर्ष 2025 से संबंधित सभी मार्कशीट, ग्रेडशीट और क्रेडिट डाटा निर्धारित समय सीमा के भीतर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

यूजीसी की सचिव प्रो. श्यामा रथ द्वारा राज्यों और उच्च शिक्षण संस्थानों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 30 जून के बाद रिकॉर्ड अपलोड करने की सुविधा बंद कर दी जाएगी। इसके बाद कोई नया डाटा स्वीकार नहीं किया जाएगा। हालांकि, पहले से अपलोड किए गए रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन या सुधार एबीसी की निर्धारित प्रक्रिया और मानकों के अनुसार किए जा सकेंगे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शुरू की गई अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को लचीली और बहुविषयक शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न संस्थानों और विषयों में अर्जित शैक्षणिक क्रेडिट को डिजिटल रूप से सुरक्षित रख सकते हैं। इससे छात्रों को अपनी पढ़ाई को अधिक लचीले और सुविधाजनक तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

Tags:    

Similar News