दुबई/नई दिल्ली: नौकरी में अच्छा काम करने पर आमतौर पर एम्प्लॉई को बोनस, प्रमोशन या इंक्रीमेंट मिलता है, लेकिन दुबई की एक रियल एस्टेट कंपनी ने अपनी टॉप परफॉर्मर को ऐसा इनाम दिया कि हर कोई हैरान रह गया। कंपनी ने महिला कर्मचारी नतालिया चावेज को करीब 4 करोड़ रुपए की लग्जरी Lamborghini Urus गिफ्ट की है। इस सरप्राइज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ट्रॉफी लेने पहुंचीं, सामने खड़ी थी करोड़ों की कार

यह मामला दुबई की रियल एस्टेट कंपनी रिचकी प्रॉपर्टीज का है। कंपनी की तीसरी सालगिरह पर अवॉर्ड नाइट आयोजित की गई थी। यहां नतालिया को साल 2026 की टॉप परफॉर्मर घोषित कर ट्रॉफी दी गई। उन्हें लगा कि सम्मान समारोह खत्म हो गया है और वे अपनी सीट पर लौटने लगीं।

तभी कंपनी के CEO ने उन्हें दोबारा मंच पर बुलाया। इसके बाद काउंटडाउन शुरू हुआ और रिबन से सजी नीली Lamborghini Urus सामने लाई गई। कार देखते ही नतालिया की खुशी से झूम उठी इस दौरान उनकी हैरानी देखने लायक थी।

दो साल में की 4,700 करोड़ रुपए की डील

नतालिया ने महज दो साल में 500 मिलियन डॉलर से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील पूरी की हैं। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 4,700 करोड़ रुपए से अधिक है। कंपनी के मुताबिक, उन्होंने पहली तिमाही में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि दूसरी और तीसरी तिमाही में टॉप पर रहीं। पूरे साल के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी यानी एम्प्लॉई ऑफ़ थे ईयर चुना गया। इस दौरान उन्होंने चार बड़े अवॉर्ड भी जीते।

कितनी महंगी है Lamborghini Urus?

दुबई में Lamborghini Urus की कीमत करीब 9 लाख से 15.5 लाख दिरहम बताई जाती है। भारतीय रुपए में इसकी कीमत लगभग 2.3 करोड़ से 4 करोड़ रुपए तक हो सकती है। हालांकि, नतालिया को मिले मॉडल का सटीक वेरिएंट और कीमत सार्वजनिक नहीं की गई है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी कमाई की चर्चा

कंपनी ने इस सरप्राइज का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इसके बाद यूजर्स ने कंपनी की तारीफ की। कुछ लोगों ने इसे मेहनत का शानदार इनाम बताया, तो कुछ ने रियल एस्टेट सेक्टर में मिलने वाले भारी कमीशन और कमाई की संभावनाओं पर चर्चा शुरू कर दी। वहीं कुछ ने कहा- कंपनी हो तो ऐसी, जो ऐसी गिफ्ट दे ना की सोन पापड़ी का डब्बा।

Tags: