Terror Module : इंटरनेट वाला 'टेरर मॉड्यूल' बेनकाब, 3 राज्यों से 4 युवक गिरफ्तार; बम बनाने का सामान भी बरामद

By :  Dev Verma
Update: 2026-04-18 11:14 GMT

Terror Module : नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक खतरनाक ऑनलाइन आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस मॉड्यूल से जुड़े चार कट्टरपंथी युवकों को महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों पर खिलाफत स्थापना और ‘जगवा-ए-हिंद’ की तैयारी करने का आरोप है।

Terror Module : गिरफ्तार आरोपी और उनकी भूमिका

पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे से मोसैब अहमद उर्फ सोनू उर्फ कलाम और मुंबई से मोहम्मद हम्माद, ओडिशा के भुवनेश्वर से शेख इमरान तथा बिहार के कटिहार से मोहम्मद सोहेल को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी रिमोट-कंट्रोल्ड आईईडी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सामान जुटा रहे थे। एक आरोपी से एक आईईडी भी बरामद किया गया है। चौथा आरोपी क्यूआर कोड और बैंक डिटेल्स के जरिए जिहादी गतिविधियों के लिए फंड जुटा रहा था और हथियार तथा फिजिकल ट्रेनिंग का वादा कर रहा था।

Terror Module : एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म पर चल रहा था मॉड्यूल

पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल शुरुआती चरण में था और गुप्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए संचालित हो रहा था। आरोपी जाकिर नाइक समेत विभिन्न धार्मिक वक्ताओं के विचारों से प्रभावित थे। वे ऑनलाइन रेडिकलाइजेशन के जरिए अन्य युवाओं को अपनी कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और आईईडी बनाने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अब पूरे मॉड्यूल के फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन, अन्य सदस्यों और विदेशी कनेक्शन की गहन जांच कर रही है। यह गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसने इंटरनेट के जरिए फैल रहे आतंकी नेटवर्क को समय रहते पकड़ा है।

Tags:    

Similar News