15 साल के वैभव सूर्यवंशी को TIME100 Next में मिली जगह, 7 एथलीट्स में इकलौते भारतीय; बने सबसे युवा नाम
भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे Vaibhav Suryavanshi ने कम उम्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को TIME100 Next 2026 में जगह मिली है।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे Vaibhav Suryavanshi ने कम उम्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को TIME100 Next 2026 में जगह मिली है। यह TIME की उन उभरती हस्तियों की सूची है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में भविष्य को आकार दे रहे हैं। वैभव इस साल सूची में शामिल एकमात्र भारतीय एथलीट और सबसे कम उम्र के सदस्य हैं।
सात एथलीट्स में इकलौते क्रिकेटर
TIME100 Next 2026 में कुल सात खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वैभव के अलावा अमेरिकी फुटबॉलर आर्च मैनिंग, NBA खिलाड़ी टायरेस मैक्सी, फुटबॉलर नाओमी गिरमा और फोलारिन बालोगन, टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा ईला और बास्केटबॉल खिलाड़ी ओलिविया माइल्स भी सूची का हिस्सा हैं।
वैभव को TIME की ‘Phenom’ कैटेगरी में जगह मिली है। यह सम्मान उनके तेजी से उभरते क्रिकेट करियर और कम उम्र में बनाए गए रिकॉर्ड्स के बीच आया है।
12 साल की उम्र में शुरू हुआ रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला
बिहार से आने वाले वैभव ने बेहद कम उम्र में सीनियर क्रिकेट में कदम रखा। उन्होंने 2024 में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया। इसके बाद उनकी प्रतिभा ने उन्हें IPL तक पहुंचाया। 2025 के IPL ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1 करोड़ रुपये में खरीदा था।
IPL 2025 में वैभव ने सात पारियों में 252 रन बनाए। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने महज 35 गेंदों में शतक जड़कर रिकॉर्ड बनाया और IPL में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने।
IPL 2026 में 776 रन और 72 छक्के
वैभव का दूसरा IPL सीजन उनके करियर का बड़ा पड़ाव रहा। राजस्थान रॉयल्स के लिए उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले।
उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए, जो एक IPL सीजन में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड बना। उनके प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट के प्रमुख व्यक्तिगत पुरस्कारों तक पहुंचाया।
भारत के सबसे युवा पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेटर बने
IPL में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव को भारतीय टीम में जगह मिली। उन्होंने जुलाई 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना T20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। इसके साथ ही वह भारत के लिए सीनियर पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए और सचिन तेंदुलकर का पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I सीरीज में उन्होंने 15 साल की उम्र में पुरुष T20I में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया।
11 गेंदों में जड़ दी थी फिफ्टी
वैभव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन जारी रखा। श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए की ओर से खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह पुरुषों के लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बना।
अब TIME की सूची में नाम, बढ़ी पहचान
कम उम्र में रणजी ट्रॉफी, IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड बनाने वाले वैभव के लिए TIME100 Next में शामिल होना एक और बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले 2025 में भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी TIME100 Next में जगह मिली थी।
अब 2026 की सूची में वैभव भारत की ओर से शामिल होने वाले इकलौते एथलीट हैं। फिलहाल वह जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं।