नई दिल्ली: फुटबॉल के मैदान से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। यहां स्पेन में फुटबॉल मैच के दौरान हुए हादसे में 30 साल के खिलाड़ी जीसस डी मिगुएल अलमेदा की मौत हो गई। सीडी टेनेरिफ के स्ट्राइकर की मैच के आखिरी मिनटों में विपक्षी टीम के गोलकीपर से जोरदार टक्कर हो गई थी। वे मैदान पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

गोलकीपर से टक्कर के बाद मैदान पर गिरे

यह घटना सोमवार को टेनेरिफ और एफसी एंडोरा के बीच खेले गए मैच में हुआ। मैच के आखिरी मिनटों में डी मिगुएल पास पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो तेजी से गोल छोड़कर बाहर आए और दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि गोलकीपर का घुटना डी मिगुएल की छाती से टकराया था। टक्कर के बाद खिलाड़ी मैदान पर बेहोश हो गए।

अस्पताल के ICU में चल रहा था इलाज

हादसे के बाद मेडिकल टीम ने मैदान पर ही कई मिनट तक उनका इलाज किया। इस दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी आया। सीपीआर और मेडिकल मदद से उनकी धड़कन दोबारा शुरू की गई। इसके बाद उन्हें यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ऑफ नुएस्ट्रा सेनोरा डे कैंडेलारिया के ICU में भर्ती कराया गया। शुरुआत में उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई थी। मंगलवार सुबह उनकी न्यूरोलॉजिकल स्थिति बिगड़ गई और सुबह 8 बजे उनका निधन हो गया।


क्लब और फुटबॉल महासंघ ने जताया दुख

सीडी टेनेरिफ ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर खिलाड़ी के निधन की पुष्टि की। क्लब ने कहा कि इस दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उसने परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई। रॉयल स्पेनिश फुटबॉल महासंघ और एफसी एंडोरा ने भी शोक व्यक्त किया। हादसे के बाद रेफरी ने गोलकीपर को रेड कार्ड दिखाया और मुकाबला रद्द कर दिया गया।

Tags: