Team India: नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव हुआ है। इंग्लैंड दौरे के बाद सहायक कोच रयान टेन डोशेट और फील्डिंग कोच टी दिलीप का कार्यकाल समाप्त हो गया है। बीसीसीआई ने दोनों के अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाया। हालांकि, बोर्ड की ओर से अभी तक इस बदलाव की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दो साल बाद खत्म हुआ टेन डोशेट का कार्यकाल

रयान टेन डोशेट जुलाई 2024 में गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ से जुड़े थे। उन्होंने बल्लेबाजी और फील्डिंग विभाग में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में भारत ने एशिया कप 2025 और आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब उनकी वापसी आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में हो सकती है।

टी दिलीप की जगह शुभदीप घोष संभाल सकते हैं जिम्मेदारी

फील्डिंग कोच टी दिलीप भी 2021 से टीम इंडिया के साथ जुड़े थे। पिछले साल उनका अनुबंध एक साल के लिए बढ़ाया गया था, जो अब समाप्त हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी जगह पूर्व घरेलू क्रिकेटर शुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच बनाया जा सकता है। वह पहले असम और रेलवे की ओर से घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं।

श्रीलंका दौरे से पहले बदलाव

टीम इंडिया को 15 अगस्त से श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। ऐसे में कोचिंग स्टाफ में हुए इन बदलावों को आगामी सीरीज और भविष्य की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा और नए सपोर्ट स्टाफ की जिम्मेदारियों पर रहेगी।

Tags: