पाकिस्तानी क्रिकेटर हमजा नजर पर 2 साल का बैन, ये गलती पड़ गई भारी, PCB ने लगाया 10 लाख का जुर्माना
PCB ने उन्हें दो साल तक क्रिकेट गतिविधियों से प्रतिबंधित....
नई दिल्ली/लाहौर। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने क्रिकेटर हमजा नजर पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन के मामले में दो साल का प्रतिबंध लगाया है। 27 वर्षीय नजर को वीजा आवेदन के दौरान पूरी और सही जानकारी नहीं देने, भ्रामक विवरण साझा करने और जरूरी तथ्यों को छिपाने का दोषी पाया गया। PCB ने उन पर 10 लाख पाकिस्तानी रुपए (करीब 3.42 लाख भारतीय रुपए) का जुर्माना भी लगाया है।
तीन सदस्यीय समिति ने की जांच
मामले की जांच के लिए PCB ने तीन सदस्यीय समिति बनाई थी। नजर को समिति के सामने अपना पक्ष रखने और आरोपों पर सफाई देने का मौका दिया गया। उनकी दलीलें सुनने के बाद समिति ने रिपोर्ट और सिफारिशें बोर्ड को सौंपीं। इसके बाद PCB ने उन्हें दो साल तक सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों से प्रतिबंधित करने का फैसला किया।
PCB ने कहा कि गलत जानकारी देना और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाना गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में बोर्ड ईमानदारी और पेशेवर रवैये के मानकों से समझौता नहीं करेगा।
हाल ही में ट्रेनिंग कैंप में हुए थे शामिल
नजर पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए लाहौर में आयोजित पाकिस्तान के रेड-बॉल ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा थे। उन्होंने इसी साल प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की थी।
41 घरेलू मैचों में 1005 रन
नजर ने 2014 में प्रोफेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 16 फर्स्ट क्लास, 15 लिस्ट-ए और 10 टी20 मैच खेले हैं। कुल 41 घरेलू मुकाबलों में उनके नाम 1005 रन और 47 विकेट हैं।