ICC World Cup 2027: नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने गुरुवार को आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 से जुड़ी अहम जानकारियां साझा करते हुए टूर्नामेंट के आधिकारिक लोगो, नए फॉर्मेट और सभी मेजबान स्टेडियमों का ऐलान कर दिया। 50 ओवर का यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। खास बात यह है कि 24 साल बाद वनडे विश्व कप अफ्रीका लौट रहा है। इससे पहले 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने इसकी मेजबानी की थी।

नए फॉर्मेट में होंगे 57 मुकाबले

विश्व कप 2027 में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मैच खेले जाएंगे। नए तीन-स्तरीय प्रारूप के तहत पहले सुपर सीरीज होगी, जिसमें रैंकिंग की 12वीं, 13वीं और 14वीं टीम आमने-सामने होंगी। विजेता टीम सुपर-12 चरण में पहुंचेगी। इसके बाद दो ग्रुप में मुकाबले होंगे और सर्वश्रेष्ठ सात टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी। अंत में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी।


 12 स्टेडियमों में होंगे मुकाबले

दक्षिण अफ्रीका: वांडरर्स स्टेडियम (जोहानिसबर्ग), सुपरस्पोर्ट पार्क (सेंचुरियन), न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (केपटाउन), किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड (डरबन), सेंट जॉर्ज पार्क (गकेबेर्हा), मंगाउंग ओवल (ब्लोमफोंटेन), बोलैंड पार्क (पार्ल) और बफेलो पार्क (कुगोम्पो सिटी)।

जिम्बाब्वे: हरारे स्पोर्ट्स क्लब (हरारे), क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो) और फाले मोसी-ओआ-टुन्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स)।

नामीबिया: नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड (विंडहोक)।

जय शाह ने जताया भरोसा

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि 24 साल बाद विश्व कप का दक्षिण अफ्रीका लौटना क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर दुनिया को एक यादगार टूर्नामेंट देंगे। इस दौरान टूर्नामेंट का नया आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया, जबकि आयोजन का ब्रांड थीम "Three Nations, One Heartbeat" रखा गया है।

Tags: