Hockey World Cup 2026: वेल्स के खिलाफ भारत का पहला मुकाबला, हॉकी वर्ल्ड कप में 51 साल का सूखा खत्म करने के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम
विश्व रैंकिंग में भारत 8वें स्थान पर है, जबकि पूल में इंग्लैंड तीसरे, पाकिस्तान 12वें और वेल्स 15वें ...
Hockey World Cup 2026: नई दिल्ली। लगातार दो ओलंपिक पदक जीत चुकी भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को वेल्स के खिलाफ विश्व कप अभियान शुरू करेगी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में टीम की नजर 51 साल से चले आ रहे विश्व कप पदक के सूखे को खत्म करने पर है। भारत जीत के साथ शुरुआत कर स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को खास तोहफा देना चाहेगा।
1975 के बाद नहीं जीता विश्व कप पदक
भारत ने 1975 में कुआलालंपुर में पाकिस्तान को हराकर अपना एकमात्र विश्व कप खिताब जीता था। इससे पहले टीम ने 1971 में कांस्य और 1973 में रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद भारतीय टीम विश्व कप के पोडियम तक नहीं पहुंच सकी। इस बार टीम के पास मजबूत मौका माना जा रहा है। विश्व रैंकिंग में भारत 8वें स्थान पर है, जबकि पूल में इंग्लैंड तीसरे, पाकिस्तान 12वें और वेल्स 15वें नंबर पर है।
हरमनप्रीत बोले- दबाव नहीं, जिम्मेदारी है
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि टीम उसी जज्बे और तैयारी के साथ मैदान पर उतरेगी, जिसने उसे पिछले दो ओलंपिक में सफलता दिलाई। उन्होंने कहा कि विश्व कप में पदक जीतना दबाव नहीं, बल्कि टीम की जिम्मेदारी है। हाल के मुकाबलों में जर्मनी और नीदरलैंड जैसी मजबूत टीमों को हराने से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
श्रीजेश के बाद गोलकीपिंग की चुनौती
पीआर श्रीजेश के संन्यास के बाद यह भारत का पहला बड़ा टूर्नामेंट है। ऐसे में गोलकीपर मोहित एचएस और सूरज करकेरा पर जिम्मेदारी होगी। डिफेंस में हरमनप्रीत और अमित रोहिदास, मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह अहम भूमिका निभाएंगे।
वेल्स से जीत जरूरी
वेल्स लगातार दूसरे विश्व कप में हिस्सा ले रहा है और भारत के खिलाफ उलटफेर करना चाहेगा। भारत को इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से खेलना है। ऐसे में वेल्स के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत बेहद अहम होगी।