Harsha Bhogle on Vaibhav Suryavanshi: नई दिल्ली। 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को 2026 की दिलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान बनाया गया है। टीम की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को सौंपी गई है। हालांकि, वैभव को इतनी जल्दी यह जिम्मेदारी मिलने पर मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सवाल उठाए हैं।

हर्षा भोगले ने क्या कहा?

हर्षा भोगले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मुझे आश्चर्य हुआ कि वैभव सूर्यवंशी को एक सीनियर रेड बॉल टीम का उपकप्तान बनाने के पीछे क्या सोच है। उन्होंने अभी तक 12 पारियां खेली हैं और 17.25 के औसत से 207 रन बनाए हैं। उनकी प्रतिभा असाधारण है, लेकिन अभी सीखने की प्रक्रिया शुरू हुई है और वह रेड बॉल क्रिकेट में अभी शुरुआती चरण में हैं।


टी20 में शानदार प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने तीन मैचों में 151 रन बनाए और सीरीज के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।

दिलीप ट्रॉफी में नई चुनौती

दिलीप ट्रॉफी 23 अगस्त से बेंगलुरु में शुरू होगी। इस प्रतिष्ठित रेड-बॉल टूर्नामेंट में वैभव पहली बार उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। ईस्ट जोन टीम में मोहम्मद शमी, अभिमन्यु ईश्वरन, मुकेश कुमार, शाहबाज अहमद और कुमार कुशाग्र जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। ऐसे में वैभव के पास वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलकर रेड-बॉल क्रिकेट में खुद को साबित करने का अच्छा मौका होगा।

ईस्ट जोन का स्क्वॉड

इशान किशन (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), डेनिश दास, अभिजीत सरकार.

Tags: