FIH Youth Hockey5s: नई दिल्ली/मस्कट। भारत की सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले 13 मिनट के अंदर तीन गोल कर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली।

रोमित, केतन और शाहरुख ने किए गोल

भारत के लिए पहला गोल रोमित पाल ने मैच के 5वें मिनट में किया। इसके बाद कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में गोल दागा। एक मिनट बाद शाहरुख अली ने तीसरा गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। पाकिस्तान की ओर से 16वें मिनट में मोहम्मद उस्मान ने एकमात्र गोल किया, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने उसे वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

विश्व कप के लिए भी किया क्वालिफाई

इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों ने FIH यूथ हॉकी5s विश्व कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। इससे पहले लीग चरण में भी भारत ने पाकिस्तान को 7-3 से हराया था।

हॉकी इंडिया ने किया पुरस्कार का ऐलान

जीत के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को सम्मानित करने की घोषणा की। टीम के हर खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, फाइनल में चीन से हारकर उपविजेता बनी भारतीय महिला टीम के हर खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया गया।

Tags: