FIFA World Cup 2026 Final: नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार (भारत में 20 जुलाई) को अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में स्पेन और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच रात 12:30 बजे शुरू होगा। 39 दिनों तक चले रोमांचक टूर्नामेंट के बाद अब यही मुकाबला तय करेगा कि विश्व कप की ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी।

दो मजबूत टीमों के बीच होगी टक्कर

अर्जेंटीना ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार जुझारूपन दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई है। कप्तान लियोनल मेसी एक बार फिर बेहतरीन फॉर्म में हैं और टीम की सबसे बड़ी ताकत बने हुए हैं। दूसरी ओर स्पेन ने अनुशासित खेल, मजबूत डिफेंस और तेज आक्रमण के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया है। अर्जेंटीना ने इस विश्व कप में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं, जबकि स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया है।

मेसी बनाम यमाल पर रहेंगी नजरें

इस फाइनल की सबसे बड़ी खासियत लियोनल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल की भिड़ंत होगी। 39 वर्षीय मेसी अपने अनुभव के साथ मैदान में उतरेंगे, जबकि 19 वर्षीय यमाल अपनी तेज रफ्तार और शानदार खेल से मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश करेंगे।












दोनों टीमों का शानदार रिकॉर्ड

अर्जेंटीना अब तक तीन बार विश्व कप जीत चुका है। टीम ने 1978, 1986 और 2022 में खिताब अपने नाम किया था। वहीं स्पेन ने 2010 में पहली बार विश्व कप जीता था और अब दूसरी ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा। दोनों टीमों के बीच अब तक 14 मुकाबले हुए हैं, जिनमें स्पेन और अर्जेंटीना ने 6-6 मैच जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे।

भारत में कहां देखें लाइव मैच

फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल का सीधा प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं दर्शक जी5 ऐप और वेबसाइट के साथ डीडी स्पोर्ट्स तथा डीडी फ्री डिश पर भी इस महामुकाबले का आनंद ले सकेंगे।

Tags: