Duleep Trophy: नई दिल्ली। भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा को आगामी दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए साउथ जोन की 15 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है। रविवार को घोषित टीम में आंध्र प्रदेश के अनुभवी बल्लेबाज रिकी भुई को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टूर्नामेंट का आयोजन 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में किया जाएगा।

जिम्बाब्वे दौरे के बाद नई जिम्मेदारी

हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टी20 टीम का हिस्सा रहे तिलक वर्मा अब घरेलू क्रिकेट में साउथ जोन की कमान संभालते नजर आएंगे। टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी आंध्र प्रदेश के अनुभवी लेवल-2 कोच एमएन विक्रम वर्मा को दी गई है।

अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन

साउथ जोन की टीम में अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर के साथ कई युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। कर्नाटक के आर. स्मरण, जिन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा 950 रन बनाए थे, टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा हैदराबाद के के. हिमतेजा, गोवा के अभिनव तेजराना और हाल ही में भारत 'ए' टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए शेख रशीद को भी टीम में शामिल किया गया है। विकेटकीपर की जिम्मेदारी तमिलनाडु के एन. जगदीशन निभाएंगे।

सीधे सेमीफाइनल में उतरेगी टीम

पिछले संस्करण में फाइनल तक पहुंचने के कारण साउथ जोन को इस बार सीधे सेमीफाइनल में जगह मिली है। टीम 30 अगस्त को बीसीसीआई सीओई ग्राउंड-2 पर क्वार्टर फाइनल-2 की विजेता टीम से भिड़ेगी। गेंदबाजी में तनय त्यागराजन और श्रेयस गोपाल स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि तेज गेंदबाजी आक्रमण में के. साई तेजा, टी. विजय, विदवथ कावेरप्पा और एम.डी. निधीश टीम को मजबूती देंगे।

साउथ जोन की टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), रिकी भुई (उपकप्तान), अभिनव तेजराना, शेख रशीद, के. हिमतेजा, आर. स्मरण, एन. जगदीशन (विकेटकीपर), करुण नायर, तनय त्यागराजन, श्रेयस गोपाल, के. साई तेजा, टी. विजय, विदवथ कावेरप्पा, एच. अमन खान और एम.डी. निधीश।

Tags: