Commonwealth Games: नई दिल्ली/ग्लास्गो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान ग्लास्गो के एक भारतीय रेस्तरां में भारत के गलत नक्शे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान परोसे गए नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर राज्यों को नहीं दिखाया गया था। इसे देखकर भारतीय मुक्केबाज और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने कड़ी आपत्ति जताई। लवलीना ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता है।

लवलीना ने जताई नाराजगी

असम की रहने वाली लवलीना ने गलत नक्शे पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, 'नैपकिन पर बने नक्शे में हमारा पूर्वोत्तर नहीं दिखाया गया है। बाहर भी मैप लगा है, उसमें भी हमारा नॉर्थ ईस्ट नहीं है। ये मुझे बहुत बुरा लगा। भारत का हर हिस्सा महत्वपूर्ण है और उसे सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए।'

बीएफआई अध्यक्ष ने भी उठाया सवाल

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इस मामले पर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा, 'सिर्फ नॉर्थ ईस्ट नहीं, इसमें कश्मीर भी पूरा नहीं है। गलत नक्शे वाले सभी नैपकिन तुरंत हटाए जाएं और उनकी जगह भारत की संपूर्ण भौगोलिक सीमा को सही ढंग से दर्शाने वाले नक्शे का इस्तेमाल किया जाए।'

रेस्तरां की ओर से नहीं आया बयान

ग्लास्गो का 'मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी' शहर के लोकप्रिय भारतीय रेस्तरां में शामिल है और पिछले तीन दशकों से खिलाड़ियों व मेहमानों की मेजबानी करता रहा है। हालांकि, विवाद सामने आने के बाद भी रेस्तरां प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

भारत ने मुक्केबाजी में जीते रिकॉर्ड 10 पदक

इस विवाद के बीच भारतीय मुक्केबाजी टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने मुक्केबाजी में कुल 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत शामिल हैं। यह खेलों में भारतीय मुक्केबाजी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।

Tags: