BCB: बांग्लादेश क्रिकेट में बड़ा बदलाव, ODI वर्ल्ड कप 2027 तक के लिए इस बल्लेबाज को अपॉइंट किया अपना कप्तान
BCB
BCB: नई दिल्ली/ढाका। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। वह मेहदी हसन मिराज की जगह लेंगे। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में हार के बाद बोर्ड ने कप्तानी में बदलाव का फैसला किया।
मिराज की जगह मिली जिम्मेदारी
मेहदी हसन मिराज जून 2025 से बांग्लादेश की वनडे टीम के कप्तान थे। उनकी कप्तानी में टीम ने 20 में से 10 मैच जीते, जबकि 9 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। जिम्बाब्वे के खिलाफ 2-1 से सीरीज हारने के बाद बोर्ड ने नया कप्तान बनाने का फैसला लिया। BCB ने सोशल मीडिया पर लिटन दास की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा भी की।
टी20 के बाद अब वनडे की भी कमान
31 वर्षीय लिटन दास पहले से ही बांग्लादेश की टी20 टीम के कप्तान हैं। अब वह वनडे टीम की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले अंतरिम कप्तान के रूप में उन्होंने सात वनडे मैचों में टीम की अगुआई की थी, जिनमें तीन मुकाबलों में जीत मिली थी।
विश्व कप की तैयारी पर रहेगा फोकस
लिटन दास अब 2027 वनडे विश्व कप के लिए मजबूत टीम तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। बांग्लादेश की टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी कर रही है, जिसकी शुरुआत 13 अगस्त से होगी।
नेतृत्व समूह में भी बदलाव
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने युवा बल्लेबाज तौहीद हृदोय को वनडे टीम का उपकप्तान बनाया है। वहीं, नजमुल हुसैन शांतो टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे। बोर्ड का मानना है कि अलग-अलग प्रारूपों के लिए अलग कप्तान होने से खिलाड़ियों का कार्यभार बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।