Odisha T20 League 2026 के ब्रांड एंबेसडर बने सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती, 20 सितंबर से कटक में क्रिकेट का रोमांच; छह टीमें दिखाएंगी दम
ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (OCA) की ओर से आयोजित होने वाली ओडिशा T20 लीग 2026 सीएम ट्रॉफी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस टूर्नामेंट के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।
कटक। ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (OCA) की ओर से आयोजित होने वाली ओडिशा T20 लीग 2026 सीएम ट्रॉफी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस टूर्नामेंट के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के जुड़ने से लीग की लोकप्रियता और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह टूर्नामेंट 20 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग का उद्देश्य ओडिशा के युवा और उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ियों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
छह टीमें लेंगी हिस्सा, 20 सितंबर से होगा आगाज
ओडिशा T20 लीग के दूसरे संस्करण में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भुवनेश्वर टाइगर्स, पुरी टाइटन्स, क्योंझर माइनर्स, राउरकेला सुपरस्टार्स, संबलपुर वॉरियर्स और कटक पैंथर्स शामिल हैं। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 20 सितंबर को संबलपुर वॉरियर्स और कटक पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। लीग स्टेज के बाद नॉकआउट मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
फाइनल में पहुंचने के लिए होगा कड़ा मुकाबला
टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार, पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर रहने वाली टीम को सीधे फाइनल में प्रवेश मिलेगा। वहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्वालीफायर मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी। लीग का खिताबी मुकाबला 29 सितंबर को बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा।
महिला क्रिकेट को भी मिलेगा मंच
ओडिशा T20 लीग के दौरान महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए 28 सितंबर को महिला खिलाड़ियों का एग्जीबिशन मैच भी आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए महिला क्रिकेटरों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
सुरेश रैना ने बताया खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका
ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद सुरेश रैना ने कहा कि छह टीमों के बीच 10 दिनों तक शानदार क्रिकेट देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह लीग युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने और प्रतिस्पर्धी माहौल में अनुभव हासिल करने का बेहतरीन मंच साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस टूर्नामेंट से ओडिशा के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
देबाशीष मोहंती बोले- दबाव में खेलने का मिलेगा अनुभव
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज देबाशीष मोहंती ने भी लीग को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी स्किल्स बेहतर करने और दबाव की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव देते हैं। उन्होंने ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे राज्य के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मजबूत प्लेटफॉर्म मिलेगा।
OCA ने जताई खुशी
ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संजय बेहरा ने सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती को ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों पूर्व भारतीय क्रिकेटरों की मौजूदगी से लीग का स्तर और महत्व बढ़ेगा।