Irani Cup 2026: जम्मू-कश्मीर को 167 रन से हराकर रेस्ट ऑफ इंडिया ने जीता ईरानी कप, मुकेश ने 6 और आकाश ने झटके 3 विकेट
Irani Cup 2026: मुकेश कुमार और आकाश दीप की घातक गेंदबाजी, 29 ओवर में ढेर J&K; रेस्ट ऑफ इंडिया चैंपियन
श्रीनगर। रेस्ट ऑफ इंडिया ने शानदार गेंदबाजी के दम पर जम्मू-कश्मीर को 167 रन से हराकर ईरानी कप का खिताब अपने नाम कर लिया। श्रीनगर में खेले गए मुकाबले के चौथे दिन जम्मू-कश्मीर के सामने 279 रन का लक्ष्य था, लेकिन मुकेश कुमार और आकाश दीप की तेज गेंदबाजी के सामने पूरी टीम महज 111 रन पर सिमट गई। जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी सिर्फ 28.4 ओवर तक चली।
मुकेश कुमार ने बरपाया कहर
रेस्ट ऑफ इंडिया की जीत के सबसे बड़े हीरो तेज गेंदबाज मुकेश कुमार रहे। उन्होंने दूसरी पारी में महज 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इससे पहले पहली पारी में भी मुकेश ने दो विकेट अपने नाम किए थे। आकाश दीप ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में 3 विकेट चटकाए और जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
54 रन की ओपनिंग साझेदारी के बाद बिखरी पारी
279 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की शुरुआत अच्छी रही। शुभम खजूरिया और कामरान इकबाल ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। आकाश दीप ने कामरान इकबाल को LBW आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मुकेश कुमार ने लंच से पहले लगातार गेंदों पर शुभम पुंडीर और कप्तान पारस डोगरा को आउट कर टीम को बड़ा झटका दिया।
लंच के बाद तेजी से गिरे विकेट
लंच के बाद पहली ही गेंद पर आकाश दीप ने शुभम खजूरिया को आउट कर दिया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के विकेट लगातार गिरते चले गए। टीम ने अगले नौ ओवर में सिर्फ 22 रन जोड़े और अपने छह विकेट गंवा दिए। पूरी टीम 28.4 ओवर में 111 रन पर ऑल आउट हो गई। जम्मू-कश्मीर की ओर से शुभम खजूरिया ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए।
रेस्ट ऑफ इंडिया ने दिया था 279 रन का लक्ष्य
मुकाबले के चौथे दिन रेस्ट ऑफ इंडिया की दूसरी पारी 320 रन पर समाप्त हुई। तीसरे दिन के स्कोर में टीम सिर्फ 14 रन जोड़ सकी। शतक लगाने वाले स्मरण रविचंद्रन 135 रन बनाकर आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के सामने 279 रन का लक्ष्य रखा गया।
रणजी चैंपियन J&K का डबल का सपना टूटा
जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतकर इतिहास रचा था और उसके पास ईरानी कप जीतकर घरेलू क्रिकेट में डबल पूरा करने का मौका था। हालांकि रेस्ट ऑफ इंडिया की गेंदबाजी के सामने उसकी यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। 167 रन की जीत के साथ रेस्ट ऑफ इंडिया ने ईरानी कप पर कब्जा कर लिया।
बीमारी के कारण नहीं उतरे ऋषभ पंत
रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत आखिरी दिन मैदान पर नहीं उतरे। बताया गया कि वह तीसरे दिन से बुखार से परेशान थे। पंत दूसरी पारी में भी आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उनकी गैरमौजूदगी में आखिरी पारी के दौरान सरफराज खान ने टीम की कमान संभाली और रेस्ट ऑफ इंडिया को खिताबी जीत तक पहुंचाया।