IND vs PAK Hockey World Cup: भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया: हॉकी वर्ल्ड कप के अगले दौर में पहुंचा; हरमनप्रीत-अभिषेक ने दागे 2-2 गोल

पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने 22वें और 46वें मिनट में दो

Update: 2026-08-19 15:08 GMT

IND vs PAK Hockey World Cup: नई दिल्ली: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया। बुधवार को खेले गए पूल-डी के मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चरण में जगह बना ली। इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड के साथ पूल-डी के टॉप-2 में स्थान पक्का किया। वहीं, पाकिस्तान का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया।

हरमनप्रीत और अभिषेक के 2-2 गोल

भारत की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक का अहम योगदान रहा। दोनों ने दो-दो गोल किए। हरमनप्रीत ने चौथे और 21वें मिनट में गोल दागे, जबकि अभिषेक ने 11वें और 24वें मिनट में गोल किया। हार्दिक सिंह ने 35वें मिनट में भारत का पांचवां गोल किया।

पाकिस्तान ने 3 गोल किए

पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने 22वें और 46वें मिनट में दो गोल किए। सूफयान खान ने 24वें मिनट में गोल किया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में पाकिस्तान ने तीसरा गोल कर अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद कोई और मौका नहीं दिया।

पहले क्वार्टर से भारत का दबदबा

भारत ने पहले क्वार्टर में दो गोल कर मजबूत शुरुआत की। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने दो-दो गोल किए। तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक और गोल कर 5-2 की बढ़त बना ली। चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान ने एक गोल किया, लेकिन भारत ने मुकाबला 5-3 से अपने नाम कर लिया।

पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर

भारत ने टूर्नामेंट में वेल्स को 3-1 से हराकर शुरुआत की थी, जबकि इंग्लैंड से उसे 2-4 से हार मिली थी। पाकिस्तान को तीन मैचों में सिर्फ एक अंक मिला। इंग्लैंड से हार और वेल्स के खिलाफ ड्रॉ के बाद पाकिस्तान इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

Tags:    

Similar News