India vs Pakistan Match 2026: क्रिकेट फैंस के लिए अगले कुछ दिन खास रहने वाले हैं। भारत और पाकिस्तान की टीमें 10 दिन के भीतर दो अलग-अलग टूर्नामेंट में आमने-सामने होंगी। पहला मुकाबला 30 अक्टूबर को हांगकांग सिक्सेस 2026 में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 8 नवंबर को अंडर-19 एशिया कप में होगा। दोनों मुकाबलों में सीनियर और युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने के लिए फैंस उत्साहित हैं।

हांगकांग सिक्सेस में कल होगा भारत-पाकिस्तान का मुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में खेला जाएगा। यह मैच हांगकांग के मोंग कोक स्थित मिशन रोड ग्राउंड पर आयोजित होगा। टूर्नामेंट के कार्यक्रम के मुताबिक, मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 11:45 बजे शुरू होगा।

हांगकांग सिक्सेस पारंपरिक क्रिकेट से अलग तेज रफ्तार प्रारूप है। इसमें प्रत्येक टीम छह खिलाड़ियों के साथ उतरती है और एक पारी में छह ओवर खेले जाते हैं। कम ओवरों के कारण बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे मुकाबले में चौके-छक्कों की भरमार देखने को मिल सकती है।

ग्रुप-सी में भारत, पाकिस्तान और यूएई

हांगकांग सिक्सेस 2026 में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के कार्यक्रम के अनुसार, भारत और पाकिस्तान को ग्रुप-सी में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ रखा गया है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद भारतीय टीम 31 अक्टूबर को यूएई के खिलाफ भी मैदान पर उतरेगी।

अंडर-19 एशिया कप में 8 नवंबर को दूसरी भिड़ंत

भारत और पाकिस्तान के बीच दूसरा मुकाबला 8 नवंबर 2026 को अंडर-19 एशिया कप में खेला जाएगा। यह मैच ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित होगा। भारतीय समयानुसार मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होने का कार्यक्रम है। इस मैच में दोनों देशों की अंडर-19 टीमें आमने-सामने होंगी, जहां युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।

हांगकांग सिक्सेस का लाइव मैच कहां देखें?

भारत और पाकिस्तान के बीच 30 अक्टूबर को होने वाले हांगकांग सिक्सेस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग भारत में FanCode ऐप और उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। दर्शक वहां मैच का लाइव प्रसारण, स्कोर और अन्य अपडेट देख सकते हैं।

दोनों टीमों के स्क्वॉड

भारतीय टीम: क्रुणाल पांड्या (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, शशांक सिंह, नीतीश राणा, कुलवंत खेजरोलिया, राहुल तेवतिया, टी नटराजन।

पाकिस्तान टीम: मोहम्मद अब्बास अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, इरफान खान, अहमद दानियाल, मोहम्मद शहजाद, साद मसूद, ख्वाजा नफे।

Tags: