Harshit Rana: नई दिल्ली। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज और 2026 एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। राणा बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चोट से उबरने के बाद वापसी की तैयारी कर रहे थे।

मैच सिमुलेशन में फिर खिंचाव

7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय उनकी मांसपेशियों में दोबारा खिंचाव आ गया। इसके बाद उन्हें दोनों टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया। वहीं, जसप्रीत बुमराह को फिट घोषित कर दिया गया है। इससे भारतीय टीम को बड़ी राहत मिली है। इससे पहले नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर भी फिटनेस टेस्ट पास कर चुके हैं।

यश ठाकुर को मौका

हर्षित की जगह विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है। 27 वर्षीय यश ने जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने दो मैचों में चार विकेट लिए थे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 50 मैचों में उनके नाम 81 विकेट हैं।

अय्यर संभालेंगे कप्तानी

दोनों असाइनमेंट में श्रेयस अय्यर कप्तान और तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी।

Tags: