Lionel Messi: लियोनेल मेसी पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन
Lionel Messi: नई दिल्ली। फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में शामिल लियोनेल मेसी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और अर्जेंटीना के रोसारियो शहर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मेसी के पुराने क्लब नेवेल्स ओल्ड बॉयज ने उनके निधन की पुष्टि की है।
बचपन से मेसी का साथ दिया
लियोनेल मेसी को दुनिया के महान फुटबॉलरों में शामिल कराने में उनके पिता जॉर्ज की अहम भूमिका रही। बचपन में मेसी को ग्रोथ हार्मोन की कमी का पता चला था। उनके इलाज का खर्च काफी ज्यादा था। जॉर्ज ने बेटे के इलाज के साथ उसके फुटबॉल करियर को भी जारी रखने के लिए हर संभव प्रयास किया।
मेसी बचपन में न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज की यूथ टीम से खेलते थे। इसके बाद साल 2000 में बार्सिलोना ने उन्हें अपने साथ जोड़ लिया और उनके इलाज का खर्च उठाया। जॉर्ज भी बेटे के साथ स्पेन पहुंचे और नई परिस्थितियों में ढलने में उनका साथ दिया।
मेसी के एजेंट भी रहे जॉर्ज
मेसी के मैदान पर शानदार प्रदर्शन के पीछे उनके पिता ने मैदान के बाहर की जिम्मेदारियां संभालीं। जॉर्ज लंबे समय तक मेसी के एजेंट भी रहे। उन्होंने बेटे के करियर से जुड़े कई अहम फैसलों में भूमिका निभाई।
विश्व कप में पिता की बीमारी को लेकर चिंतित थे
फीफा विश्व कप 2026 के दौरान मेसी अपने पिता की सेहत को लेकर चिंतित थे। अल्जीरिया के खिलाफ गोल करने के बाद वह भावुक हो गए थे। मैच के बाद उन्होंने कहा था कि उनके रोने का फुटबॉल से कोई लेना-देना नहीं था और पिछले कुछ दिन उनके लिए मुश्किल रहे थे।