Ishan Kishan Century : चेन्नई। दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। साउथ जोन के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में ईशान ने कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार दोहरा शतक जड़ दिया और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन ईशान किशन ने 270 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। उनकी इस ऐतिहासिक पारी में 26 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। बाद में उन्होंने 301 गेंदों पर 250 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट लिया।

ईशान और कुशाग्र की रिकॉर्ड साझेदारी

ईस्ट जोन की पारी को संभालने में ईशान किशन और कुमार कुशाग्र की साझेदारी ने अहम भूमिका निभाई। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 230 रनों की शानदार साझेदारी की। जहां ईशान ने दोहरा शतक जमाया, वहीं कुमार कुशाग्र ने भी शानदार शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

दलीप ट्रॉफी फाइनल में रचा इतिहास

ईशान किशन दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले ईस्ट जोन के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा वह ईस्ट जोन के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में डबल सेंचुरी लगाई है। इससे पहले यह उपलब्धि अरुण लाल और सबा करीम हासिल कर चुके थे। अरुण लाल ने 1986-87 सीजन में दो दोहरे शतक लगाए थे, जबकि सबा करीम ने 1995-96 में यह कारनामा किया था।

फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले छठे बल्लेबाज बने ईशान

ईशान किशन अब दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले छठे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले रमन लांबा, अंशुमान गायकवाड़, यूसुफ पठान, चेतेश्वर पुजारा और यशस्वी जायसवाल इस खास क्लब में शामिल थे। इतना ही नहीं, ईशान किशन दलीप ट्रॉफी फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले कप्तान भी बन गए हैं। उन्होंने अंशुमान गायकवाड़ का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

अदिति हुंडिया ने खास अंदाज में दी बधाई

ईशान किशन की इस शानदार पारी पर उनकी गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए ईशान की मेहनत की तारीफ की। अदिति ने लिखा कि यह मेहनत और गर्व से हासिल किया गया शानदार शतक है। उनका यह मैसेज सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा।



ईशान की पारी से मजबूत हुआ ईस्ट जोन

फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ईशान किशन की यह पारी टीम के लिए बेहद अहम साबित हुई है। कप्तान के तौर पर उन्होंने आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

Tags: