Dinesh Chandimal Injured: भारत के खिलाफ टेस्ट में श्रीलंका को झटका: दिनेश चांदीमल चोटिल, स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया

फिजियो ने मैदान पर उनकी जांच की और फिर उन्हें बाहर ले जाया गया।...

Update: 2026-08-18 10:36 GMT

Dinesh Chandimal Injured: नई दिल्ली: भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका को बड़ा झटका लगा। अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए। उनके दाहिने कंधे और गर्दन में चोट लगी है। उन्हें एहतियात के तौर पर स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बाउंड्री रोकने के दौरान लगी चोट

मंगलवार को पहले सत्र में चांदीमल बाउंड्री रोकने के लिए डाइव लगा रहे थे। उन्होंने केएल राहुल के डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की ओर खेले गए स्वीप को रोकने की कोशिश की। गेंद रोकने के बाद वे गिर गए और उनके शरीर का पूरा वजन गर्दन पर आ गया। इसके बाद वे गर्दन के पीछे हाथ रखते नजर आए। फिजियो ने मैदान पर उनकी जांच की और फिर उन्हें बाहर ले जाया गया।

स्कैन रिपोर्ट के बाद मिलेगी जानकारी

श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि टीम के फिजियोथेरेपिस्ट और डॉक्टरों ने मैदान पर चांदीमल की जांच की। इसके बाद उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद उनकी चोट की गंभीरता की जानकारी दी जाएगी।

पहली पारी में बनाए थे सिर्फ 4 रन

चांदीमल श्रीलंका के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हैं। पहली पारी में वे सिर्फ 4 रन बना सके थे। हालांकि दूसरी पारी में टीम को उनकी जरूरत पड़ सकती है। भारत ने पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल के 167 और केएल राहुल के 82 रन की मदद से 462 रन बनाए। श्रीलंका 284 रन पर ऑलआउट हुआ और 178 रन से पिछड़ा। भारत की दूसरी पारी जारी है और बढ़त 350+ रन हो चुकी है।

Tags:    

Similar News