Asian Games 2026 : टीम इंडिया के एशियन गेम्स मुकाबलों की नई टाइमिंग जारी, अब इतने बजे शुरू होगा मैच
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुकाबलों के समय में बदलाव किया गया है। जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस खेल महाकुंभ के क्रिकेट इवेंट के नॉकआउट मुकाबलों का नया शेड्यूल जारी किया गया है।
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुकाबलों के समय में बदलाव किया गया है। जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस खेल महाकुंभ के क्रिकेट इवेंट के नॉकआउट मुकाबलों का नया शेड्यूल जारी किया गया है। इसके तहत दोपहर में खेले जाने वाले मैच अब निर्धारित समय से 30 मिनट पहले शुरू होंगे। एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक किया जाएगा। पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में टीम इंडिया भी हिस्सा लेगी और नए शेड्यूल का असर भारतीय टीम के नॉकआउट मुकाबलों पर पड़ेगा।
अब दोपहर 2 बजे की जगह 1:30 बजे शुरू होंगे मैच
आयोजकों ने नॉकआउट स्टेज के मुकाबलों के समय में बदलाव करते हुए इन्हें स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू करने का फैसला लिया है। इससे पहले इन मैचों का समय दोपहर 2 बजे निर्धारित था। जापान और भारत के समय में करीब 3 घंटे 30 मिनट का अंतर है। ऐसे में भारतीय दर्शक इन मुकाबलों को अब सुबह 10 बजे से लाइव देख सकेंगे।
फ्लडलाइट की सुविधा नहीं होने से लिया गया फैसला
मुकाबलों के समय में बदलाव की बड़ी वजह जापान में शाम जल्दी अंधेरा होना और स्टेडियम में फ्लडलाइट की सुविधा नहीं होना बताया जा रहा है। पुरुषों के टी20 मुकाबले महिला क्रिकेट मैचों की तुलना में ज्यादा समय लेते हैं। ऐसे में आयोजकों ने मैच को समय पर पूरा कराने के लिए शुरुआत का समय आधा घंटा पहले करने का निर्णय लिया है।
भारत के क्वार्टर फाइनल मुकाबले का बदला समय
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम इंडिया का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा, जो अब भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बनाती है तो 1 अक्टूबर को होने वाला मुकाबला भी सुबह 10 बजे से खेला जाएगा। वहीं, गोल्ड मेडल मुकाबले का समय भी भारतीय दर्शकों के लिए सुबह 10 बजे ही रहेगा।
शेड्यूल वेबसाइट पर अपडेट, औपचारिक सूचना का इंतजार
आयोजकों की आधिकारिक वेबसाइट पर मैचों के नए समय को अपडेट कर दिया गया है। हालांकि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें इस बदलाव की आधिकारिक सूचना अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।