Asian Games 2026: एथलेटिक्स में भारत ने जीते 5 पदक, एंसी-सरवेश का सिल्वर; हरिता, तेजस्विन और पारुल को ब्रॉन्ज
एथलेटिक्स में भारत का शानदार प्रदर्शन
Asian Games 2026: नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में रविवार का दिन भारतीय एथलेटिक्स के लिए शानदार रहा। ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत ने कुल 5 पदक जीते। एंसी सोजन और सरवेश कुशारे ने रजत पदक हासिल किया, जबकि हरिता भद्रा, तेजस्विन शंकर और पारुल चौधरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
हरिता ने 200 मीटर में जीता कांस्य
महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में हरिता भद्रा ने 23.20 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। वह जापान की धाविका से महज 0.01 सेकंड आगे रहीं। सिंगापुर की वेरोनिका शांति परेरा ने 22.78 सेकंड के साथ स्वर्ण और चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकंड के साथ रजत जीता। हरिता 200 मीटर में भारत के लिए पदक जीतने वाली छठी महिला बनीं।
तेजस्विन का लगातार दूसरा एशियन गेम्स पदक
तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के डेकाथलॉन में 7,934 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता। आखिरी इवेंट 1500 मीटर में उन्होंने 4:33.09 का समय निकाला। यह एशियन गेम्स में उनका लगातार दूसरा पदक है। इससे पहले हांगझोउ में उन्होंने रजत पदक जीता था।
एंसी सोजन को लंबी कूद में रजत
महिलाओं की लंबी कूद में एंसी सोजन ने 6.53 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। चीन की हुआंग यिंगयिंग ने 6.55 मीटर के साथ स्वर्ण हासिल किया। शैली सिंह 6.42 मीटर की छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
पारुल और सरवेश ने भी जीते पदक
पारुल चौधरी ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में 9:08.67 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य जीता। वहीं, सरवेश कुशारे ने 2.25 मीटर की ऊंचाई पार कर ऊंची कूद में रजत पदक हासिल किया।
रिले टीम फाइनल में पहुंची
महिला 4x100 मीटर रिले में भारत की टीम 43.65 सेकंड के सीजन बेस्ट समय के साथ फाइनल में पहुंच गई। फाइनल सोमवार शाम 6:34 बजे होगा। वहीं, पुरुषों की 200 मीटर में अनिमेष कुजूर 20.80 सेकंड के साथ पांचवें स्थान पर रहे।