IPL की तारीखों में बदलाव की तैयारी? ललित मोदी ने जनवरी से टूर्नामेंट शुरू करने का दिया सुझाव, 74 की जगह हो सकते हैं इतने मैच
फुटबॉल लीग की तरह लंबा हो सीजन
मुंबई: IPL टूर्नामेंट के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने इसके आयोजन को लेकर नया फॉर्मूला सुझाया है। उनका कहना है कि आईपीएल मार्च-मई के बजाय अक्टूबर से अप्रैल के बीच कराया जाए और जनवरी में इसकी शुरुआत हो। मोदी ने मौजूदा 74 मैचों के प्रारूप को बढ़ाकर 94 मुकाबले करने का भी प्रस्ताव रखा है। इसके लिए उन्होंने आईसीसी चेयरमैन जय शाह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर में बदलाव की पहल करने की अपील की है।
फुटबॉल लीग की तरह लंबा हो सीजन
ललित मोदी ने फुटबॉल लीग का उदाहरण देते हुए कहा कि आईपीएल को भी कई महीनों तक आयोजित किया जा सकता है। उनके मुताबिक, 2008 में जब टूर्नामेंट शुरू हुआ था, तब अप्रैल-मई का समय ही उपलब्ध था। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं, इसलिए आयोजन की अवधि पर दोबारा विचार होना चाहिए।
हर टीम को मिलेंगे 18 लीग मैच
मोदी के प्रस्ताव के अनुसार, 10 टीमों के बीच पूरी होम-अवे लीग होनी चाहिए। हर टीम दूसरी टीम के खिलाफ एक मैच अपने मैदान और एक मैच विरोधी टीम के मैदान पर खेलेगी। इस तरह प्रत्येक टीम को 18 लीग मैच मिलेंगे। इसके बाद चार प्लेऑफ मुकाबले होंगे। कुल मैच 94 हो जाएंगे।
खिलाड़ियों के आराम पर भी जोर
मोदी ने कहा कि मार्च-मई की गर्मी और उमस खिलाड़ियों व दर्शकों के लिए परेशानी बनती है। जनवरी में आईपीएल शुरू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट कैलेंडर में बदलाव करना होगा। उन्होंने जय शाह से दूसरे क्रिकेट बोर्डों के साथ सहमति बनाने की अपील की।