Singapore Open 2026: सात्विक-चिराग ने रचा इतिहास, पहली बार जीता सिंगापुर ओपन खिताब
Singapore Open 2026: नई दिल्ली: भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सिंगापुर ओपन 2026 का पुरुष युगल खिताब जीतकर बड़ा इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने इंडोनेशिया के फजर अलफियान और मोहम्मद सोहिबुल फिकरी को 18-21, 21-17, 21-16 से हराया। यह पिछले दो वर्षों में उनका पहला और विश्व टूर का कुल नौवां खिताब है।
सिंगापुर ओपन में पहली भारतीय युगल चैंपियन
विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज सात्विक-चिराग सिंगापुर ओपन के युगल वर्ग का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बन गई है। एक घंटे 13 मिनट तक चले रोमांचक फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
खराब रिकॉर्ड को पीछे छोड़ हासिल की जीत
फाइनल से पहले इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों का रिकॉर्ड बेहतर नहीं था। दोनों टीमों के बीच खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में भारतीय जोड़ी को हार मिली थी। हालांकि इस बार सात्विक और चिराग ने लंबी रैलियों में दबदबा बनाते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया।
सेमीफाइनल में किया था बड़ा उलटफेर
भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के विश्व चैंपियन किम वोन-हो और सियो सेउंग-जे को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी जीत के बाद दोनों खिलाड़ी कोर्ट पर खुशी से झूम उठे। सात्विक और चिराग ने कोर्ट पर जश्न मनाते हुए लंबे समय बाद चैंपियन बनने की खुशी का भरपूर आनंद लिया।