Share Market: RBI के फैसले के बाद शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, सेंसेक्स-निफ्टी गिरकर बंद

By :  Vpb
Update: 2026-06-05 12:46 GMT

Share Market: मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के फैसलों के दिन घरेलू शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई, लेकिन दिनभर निवेशकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही, जिसके चलते बाजार अंततः गिरावट के साथ बंद हुआ।

सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 116.67 अंक यानी 0.15 प्रतिशत फिसलकर 74,243.34 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 भी 49.85 अंक या 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,366.70 पर आ गया। दूसरी ओर, आरबीआई के फैसलों के बाद रुपये में मजबूती देखने को मिली और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 79 पैसे चढ़कर 94.95 पर बंद हुआ।

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने घोषणा की कि एमपीसी ने सर्वसम्मति से रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखने का फैसला किया है। साथ ही केंद्रीय बैंक ने अपनी ‘तटस्थ’ नीति बरकरार रखी है। हालांकि, बाजार की चिंता उस समय बढ़ गई जब आरबीआई ने वित्त वर्ष 2027 के लिए खुदरा महंगाई का अनुमान 4.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया। केंद्रीय बैंक ने बढ़ती ऊर्जा कीमतों और वैश्विक अनिश्चितताओं को इसके पीछे प्रमुख कारण बताया है। इसी वजह से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और बाजार दबाव में आ गया।

Tags:    

Similar News