Babar Azam: पाकिस्तान के टेस्ट टीम से शान मसूद की छुट्टी, तीन साल बाद फिर कप्तान बने बाबर आजम, पीसीबी ने किया बड़ा बदलाव

By :  Vpb
Update: 2026-07-05 08:54 GMT

Babar Azam: नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। बोर्ड ने शान मसूद को कप्तानी से हटाकर एक बार फिर बाबर आजम को टेस्ट टीम की कमान सौंपी है। बाबर अब 25 जुलाई से शुरू होने वाली वेस्टइंडीज सीरीज और 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगे। दोनों सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा हैं।

खराब प्रदर्शन के कारण बदली कप्तानी

शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उनकी कप्तानी में टीम ने 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें सिर्फ 4 जीते और 12 हार गई। लगातार खराब नतीजों के कारण चयनकर्ताओं ने कप्तानी बदलने का फैसला लिया। दूसरी ओर, बाबर आजम ने अब तक 20 टेस्ट में कप्तानी की है, जिसमें पाकिस्तान ने 10 मुकाबले जीते, 6 हारे और 4 ड्रॉ रहे।

चार नए खिलाड़ियों को मिला मौका

पीसीबी ने दोनों दौरों के लिए चार नए खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया है। इनमें अली उस्मान, मोहम्मद अवैस जफर, उबैद शाह और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद गाजी घोरी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका मिल सकता है।

ऐसा रहेगा दौरे का कार्यक्रम

पाकिस्तान पहले 25 जुलाई से 6 अगस्त तक वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट खेलेगा। इसके बाद टीम 19 अगस्त से 13 सितंबर तक इंग्लैंड में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। अब सभी की नजरें बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान के प्रदर्शन पर रहेंगी।

Tags:    

Similar News