Raipur City News : रायपुर। नागपुर से रायपुर आ रही हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस गुरूवार शाम कोटा रेलवे फाटक के पास हादसे का शिकार होते-होते बच गई। रेल पटरी पर अचानक आ गई गाय ट्रेन के इंजन से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेन के लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।

बता दें कि अचानक लगे ब्रेक से ट्रेन के कोचों में बैठे यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया और कुछ देर तक हड़कंप की स्थिति रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और ट्रेन को मामूली नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन और यात्री सुरक्षित हैं और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया है। साथ ही रेलवे प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि पटरियों के आसपास जानवरों को न छोड़ें और सतर्कता बरतें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Tags: