Raipur City News : इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में पुलिस ने चलाई सर्च ऑपरेशन, 138 मकानों की जांच, चोरी की बाइक बरामद

कार्रवाई के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जबकि 25 संदिग्ध वाहनों का सत्यापन शुरू किया गया है।

Update: 2026-05-24 13:44 GMT

Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी क्षेत्र में पुलिस ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सर्च अभियान चलाया। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईडब्ल्यूएस और एलआईजी क्वार्टर्स में तड़के सुबह पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग और जनजागरूकता अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जबकि 25 संदिग्ध वाहनों का सत्यापन शुरू किया गया है।

यह अभियान डीसीपी पश्चिम जोन संदीप पटेल और अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन में चलाया गया। एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर की अगुवाई में थाना डी.डी. नगर, पुरानी बस्ती और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में दबिश देकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।

पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 138 मकानों की सर्चिंग की। जांच के दौरान एक चोरी की बाइक बरामद हुई, वहीं 25 संदिग्ध मोटरसाइकिलों के नंबर नोट कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन शुरू किया गया। साथ ही एक बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों और किरायेदारों को किरायेदार सत्यापन को लेकर जागरूक किया। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मकान मालिक अपने किरायेदारों की जानकारी और किरायानामा संबंधित थाना में अनिवार्य रूप से जमा करें, ताकि क्षेत्र में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

पुलिस टीम ने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। करीब 80 पुलिस जवानों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

Tags:    

Similar News