Raipur City News : DRI का बड़ा एक्शन, हंस ट्रैवल्स पर छापा, 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे बोरे बरामद

फिलहाल इन नोटों की असलियत की जांच की जा रही है।

Update: 2026-05-06 10:45 GMT

Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (Directorate of Revenue Intelligence) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स दफ्तर पर छापा मारा। इस रेड के दौरान अधिकारियों ने 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बोरे बरामद किए हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के मुताबिक, डीआरआई को इनपुट मिला था कि ट्रैवल्स कंपनी के जरिए कथित तौर पर जाली नोटों की खेप एक राज्य से दूसरे राज्य भेजी जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पांच अधिकारियों की टीम ने अचानक दबिश दी और मौके से संदिग्ध नोटों से भरे बोरे जब्त कर लिए। फिलहाल इन नोटों की असलियत की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह रकम पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी। कथित तौर पर उदय सिंह बिस्वाल नाम के शख्स ने इन बोरों को ट्रांसपोर्ट के लिए बुक कराया था, जिन्हें दिल्ली में कमल किशोर गुप्ता तक पहुंचाया जाना था। हालांकि, डीआरआई की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क को पकड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नोट असली हैं या जाली, साथ ही इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Tags:    

Similar News