Raipur City News : रायपुर। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा और रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद उमेंद्र सिंह ने रविवार को जिले के सभी एएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में राजधानी में बढ़ते अपराध, सुरक्षा व्यवस्था, आगामी विधानसभा सत्र, और लंबित मामलों के निपटारे पर विस्तृत चर्चा हुई।

एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि जुलाई के दूसरे पखवाड़े में होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान पुलिस को तत्परता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी त्योहारों को देखते हुए भी पुलिसिंग को और प्रभावी करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में 24 थानों के प्रभारियों का तबादला किया गया है, और सभी नए प्रभारियों को तत्काल अपने थानों का जिम्मा संभालने के लिए कहा गया है।

बैठक में बढ़ते नशे के मामलों, चाकूबाजी की घटनाओं, और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने बताया कि एक साल से अधिक समय से लंबित अपराधों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, थानों में आने वाले प्रार्थियों के साथ प्रेमपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी गई है।

आईजी अमरेश मिश्रा ने बैठक में पुलिस अधिकारियों को शहर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए तकनीकी और सामुदायिक पुलिसिंग पर ध्यान देने को कहा। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें।

Tags: