Raipur City News : रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे निजात अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देश पर, एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने विशेष अभियान चलाकर नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्यवाही की है। इसी के तहत पुलिस को सूचना मिली कि पंडरी एक्सप्रेसवे के नीचे एक सरदार, जो काले रंग की पगड़ी पहने हुए है, एक्टिवा वाहन क्रमांक सीजी 04 पी.एस. 5109 में अवैध मादक पदार्थ अफीम लेकर घूम रहा है और ग्राहक की तलाश में है।



Raipur City News : सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन अनुराग झा ने थाना सिविल लाइन प्रभारी को आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड की और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपी को पकड़ा।


Raipur City News : आरोपी की पहचान कुलजिन्दर सिंह 49 वर्ष निवासी गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2.106 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ अफीम बरामद हुआ। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन भी जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 32,13,340 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 18(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। 
Tags: