Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंध इलाके में स्थित होटल सेंट्रल में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बालोद निवासी 30 वर्षीय युवक उमेश ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने अपने सुसाइड नोट में मानसिक परेशानी को आत्महत्या का कारण बताया और स्पष्ट किया कि इसके लिए कोई अन्य जिम्मेदार नहीं है। यह घटना आमानाका थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, उमेश ने 30 जून को दोपहर करीब 12 बजे होटल सेंट्रल की पहली मंजिल पर एक कमरा बुक किया था। उस दिन शाम करीब 7 बजे वह कमरे से बाहर निकला और कुछ देर बाद वापस लौट आया। इसके बाद दो दिनों तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला, जिससे होटल कर्मचारियों को शक हुआ। कर्मचारियों ने तत्काल आमानाका थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सुनील दास अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए उमेश की लाश पंखे से रस्सी के सहारे लटक रही थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि उमेश अपने साथ रस्सी लेकर आया था, जिसका उपयोग उसने आत्महत्या के लिए किया। कमरे में कुछ बियर की बोतलें भी बरामद हुई हैं। सुसाइड नोट में उमेश ने लिखा, मैं मानसिक रूप से बहुत परेशान हूं। मेरी आत्महत्या के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और उमेश के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

Tags: