Raipur City News : टाटीबंध में तैयार हुआ छत्तीसगढ़ का पहला हाईटेक महतारी सदन, बच्चों के लिए बनेगा ‘लर्निंग विद प्ले’ मॉडल

इस अत्याधुनिक केंद्र का लोकार्पण कल रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत करेंगे।

Update: 2026-02-10 15:06 GMT

Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का पहला हाईटेक महतारी सदन सह आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह तैयार हो गया है। करीब 85 लाख रुपये की लागत से 4500 वर्गफुट में निर्मित यह केंद्र प्रदेश के आंगनबाड़ी सिस्टम में एक नई मिसाल बनने जा रहा है। इस अत्याधुनिक केंद्र का लोकार्पण कल रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत करेंगे।

आंगनबाड़ी नहीं, बनेगा समग्र विकास केंद्र-

यह हाईटेक महतारी सदन केवल आंगनबाड़ी केंद्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए एक समग्र ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक खेल सुविधाएं-

केंद्र में स्मार्ट क्लासरूम, इंडोर व आउटडोर प्ले एरिया, स्वच्छ रसोईघर, डायनिंग एरिया, स्टोर रूम और प्रशासनिक कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बच्चों के मनोरंजन और सीखने के लिए झूला, फिसलपट्टी, सांप–सीढ़ी, शतरंज, कैरम, बास्केटबॉल जैसे कई खेलों की व्यवस्था की गई है।

सभी के लिए सुविधाजनक और सुरक्षित परिसर-

महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग वॉशरूम बनाए गए हैं। पर्याप्त जगह होने के कारण यहां बच्चों और माताओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा, जो पुराने और छोटे आंगनबाड़ी केंद्रों में संभव नहीं हो पाता था।

सीमित संसाधनों की समस्या का समाधान-

प्रदेश के कई आंगनबाड़ी केंद्रों में जगह और संसाधनों की कमी लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों की अवधारणा को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत किया जा सके।

अन्य इलाकों में भी होगी शुरुआत-

रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में इसी मॉडल पर अन्य हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिन पर जल्द काम शुरू होने की संभावना है। यह पहल बच्चों की नींव मजबूत करने के साथ-साथ माताओं और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Tags:    

Similar News