Raipur City News : सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की तैयारी...
सूर्य देवता को अर्घ्य देकर अपने परिवार की खुशहाली और स्वास्थ्य की कामना करेंगे।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-11-07 03:27 GMT
Raipur City News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज शाम चार बजे से व्रती विभिन्न तालाबों और नदियों के तट पर एकत्रित होकर पूजा अर्चना करेंगे। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती अपने घर लौटेंगे और कल शुक्रवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जिसके साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा और प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
Raipur City News : इस महापर्व की शुरुआत मंगलवार को नहाय-खाय के साथ हुई, जब व्रतियों ने 72 घंटे का कठिन निर्जल व्रत आरंभ किया। महादेव घाट स्थित खारून नदी के तट और रायपुर के 60 से अधिक तालाबों पर व्रती आज शाम और कल सुबह अर्घ्य देंगे। महादेवघाट में छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारी की गई है और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है।
Raipur City News : भव्य आयोजन की तैयारियाँ-
महादेव घाट पर इस बार छठ महापर्व को बड़ी धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन की तैयारियाँ पूरी की हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी महादेव घाट पर हजारों श्रद्धालुओं के एकत्रित होने की उम्मीद है, जो सूर्य देवता को अर्घ्य देकर अपने परिवार की खुशहाली और स्वास्थ्य की कामना करेंगे।